कनीना। गुढ़ा से मोहनपुर नांगल को जोड़ने वाली सड़क के बीचों-बीच लगे जानलेवा बिजली के खंभों को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया है। इससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। यह काम नांगल मोहनपुर निवासी अधिवक्ता पंकज यादव के प्रयासों से हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 से ही अधिवक्ता पंकज यादव इस गंभीर समस्या को लेकर मुख्यमंत्री, डिप्टी कलेक्टर सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार पत्र लिखते रहे व विभिन्न माध्यमों से अवगत कराते रहे।
सड़क के बीच खड़े ये बिजली के खंभे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे थे। इससे राहगीरों व वाहन चालकों में भारी रोष था। दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री व डिप्टी कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जिसके बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सड़क से बिजली के खंभे हटवा दिए।
लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से हादसों का केंद्र बनी हुई थी लेकिन अब खंभे हटने से आवागमन सुगम व सुरक्षित हो गया है। इसके अलावा नेशनल हाइवे-48 फ्लाईओवर, हाईवे पर निजी बसों की मनमानी व सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर भी वे लगातार संघर्ष करते रहे हैं।