फोटो संख्या:51डूलाना रोड पर बने एसटीपी में फिल्टर किया गया पानी। संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के डुलाना रोड पर 11 एकड़ क्षेत्र में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का अपग्रेडेशन 5.20 करोड़ रुपये की लागत से पूरा कर लिया गया है। इसके शुरू होने से न केवल शहर की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि किसानों को सिंचाई और भूजल स्तर सुधार के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध कराना भी संभव होगा।
इस आधुनिक एसटीपी की प्रतिदिन 48 लाख लीटर गंदे पानी को शुद्ध करने की क्षमता है। शहर के विभिन्न इलाकों से निकलने वाले गंदे पानी को तीन किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से सीधे प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध किए जाने के बाद यह पानी खुले में बहने से होने वाली बदबू और संक्रमण के जोखिम को कम करेगा।
परियोजना के तहत शुद्ध पानी का उपयोग कृषि कार्यों के लिए भी किया जाएगा। इसके लिए लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई परियोजना पर काम चल रहा है। इससे आसपास के किसानों को अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा और भूजल पर निर्भरता भी कम होगी।
शुद्ध पानी को दौहान नदी क्षेत्र में छोड़कर भूजल स्तर को सुधारने का भी लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से वन विभाग से स्वीकृति लेने के लिए योजना तैयार कर भेजी गई है।
- वर्जन:
प्रतिदिन 48 लाख लीटर पानी को शुद्ध कर टैंक पानी को स्टोर किया जा रहा है। जल्द ही कृषि भूमि की सिंचाई एवं दौहान नदी क्षेत्र में पानी को छोड़ने की दो परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
-सुरेंद्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता एवं परियोजना अधिकारी जन स्वास्थ्य विभाग महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:51डूलाना रोड पर बने एसटीपी में फिल्टर किया गया पानी। संवाद