महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में ओपन डिस्टेंस लर्निंग पहल के तहत तीन दूरस्थ पाठ्यक्रमों एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, एमए हिंदी व एमकॉम में दाखिले के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित है। विश्वविद्यालय में तीनों पाठ्यक्रम डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग की ओर से उच्च शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ताकि विभिन्न पृष्ठभूमि के विद्यार्थी बिना भौगोलिक बाधाओं के अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक प्रो. सिंगारा सिंह ने बताया कि सभी उपलब्ध पाठ्यक्रमों के लिए सेल्फ लर्निंग मेटिरियल विश्वविद्यालय के शिक्षकों व अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया है।
पाठ्यक्रम विकल्प आधारित क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस), उद्योग उन्मुख विशेषता व नियमित उपाधि के समतुल्य हैं। साथ ही इन पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को शिक्षा शुल्क से छूट प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा तीनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण को लेकर हकेंवि की वेबसाइट पर लॉगइन किया जा सकता है। इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की अंतिम तिथि अब 10 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।