नारनौल। सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार को रेवाड़ी रोड पर ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सड़क से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और पिकअप वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए।
ट्रैफिक एसएचओ ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को समझाया कि कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता कम हो जाती है जिससे बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने चालकों को हिदायत दी कि वे अपने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं और इंडिकेटर व लाइटों को दुरुस्त रखें। इसके साथ ही, पुलिस टीम ने चालकों को यातायात के नियमों, जैसे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और नशा करके गाड़ी न चलाने के बारे में जागरूक किया।