कनीना। गांव भोजावास निवासी एक व्यक्ति से आठ लाख की फिरौती की मांग करते हुए नहीं देने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व परिवार तथा जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
गांव भोजावास निवासी सनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद वह अपने कार्यालय में बैठा था तभी आठ-दस अज्ञात युवक आए और उससे आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती न देने पर जान से मारने और उसके परिवार व जान माल की हानि पहुंचाने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी क्रांति व मोंटा उर्फ सन्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सनोज कुमार ने शिकायत में बताया कि वह लगभग 3 बजे के आसपास अपने जनरल स्टोर के पास अपने कार्यालय में बैठा हुआ था। आठ-दस युवक आए और कहने लगे कि हमें क्रांति ने पैसे लेने के लिए भेजा है। एक लड़का अपने आप को चरखी दादरी का बता रहा था और अन्य में से वह केवल भोजावास के एक लड़के को जानता है लेकिन उसका नाम उसे पता नहीं। इनमें से एक ने कहा कि व्यक्ति को मारने में वह समय नहीं लगाता, पैसे समय पर भेज देना नहीं तो अभी मारपीट हो जाएगी। पीछे इसी बस स्टैंड पर क्रांति व उसके साथियों ने गोली चलाई थी उसकी किस्मत अच्छी थी, तेरा पता नहीं साथ देगी या नहीं सोच लेना। हम तो अभी भी हथियार साथ लेकर आए हैं। पैसे याद रखना 8 लाख मतलब 8 लाख सोच लेना फिर वे उठकर चिल्लाते हुए निकल गए कि इस तरह की घटनाएं और वारदात करना हमारे बाएं हाथ का खेल है। हम तो मारने के लिए तैयार हैं तेरी सोच तेरा परिवार का क्या होगा।
कुछ दिन पहले क्रांति का भाई मोंटा उर्फ सन्नी भी कार्यालय पर आया था और इस तरह की बातें करके गया था। उसने भी खुद के फोन से क्रांति से मेरी बात करवाई थी और कहा था देख लिया हम कुछ भी कर सकते हैं। उसने भी पैसों का जिक्र किया था। लेकिन उसने उस बात को इतनी तवज्जो नहीं दी, कि गांव का लड़का है नादानी में कह गया होगा। लेकिन उसके भाई क्रांति ने आज लड़कों को भेजकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उसे व उसके परिवार को जान माल का खतरा है। उसे व उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाई जाए और आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए।