फोटो नंबर- 18नारनौल बस स्टैंड पर राजस्थान रोडवेज से उतरते यात्री। संवाद
नारनौल। नारनौल डिपो से जाने वाले यात्रियाें को अब राजस्थान के लिए ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। क्योंकि राजस्थान परिवहन निगम की ओर से किराये में बढ़ोतरी की गई है।
इसकी वजह से नारनौल डिपो से जयपुर, झुंझुनू, अलवर सहित अन्य जिलों में प्रतिदिन सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। उन्हें राजस्थान के विभिन्न शहरों में जाने के लिए 10 से लेकर 40 रुपये तक ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। हालांकि अभी हरियाणा रोडवेज ने किराया नहीं बढ़ाया है लेकिन जैसे ही रोडवेज बस राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी तो किराया राजस्थान की बढ़ी हुई दरों के हिसाब से ही देना पड़ेगा।
नारनौल डिपो से पहले जयपुर के लिए 185 रुपये लगते थे लेकिन अब दस रुपये की बढ़ोतरी होने से 195 रुपये देने पड़ रहे हैं। इसी तरह अजमेर के पहले 315 और अब 340, कोटा पहले 420 और अब 460, कोटपुतली का पहले 60 और अब 61, झुंझुनू का पहले 100 और अब 110, खाटूश्याम का पहले 140 और अब 150 रुपये किराया देना पड़ रहा है। बता दें कि साधारण बस का प्रतिकिलोमीटर के हिसाब से 10 पैसे, सेमी डीलक्स का 12 पैसे, डीलक्स नॉन एसी का 15 पैसे और सुपर लग्जरी वातानुकूलित बस का 20 पैसे बढ़ाया गया है।
नारनौल डिपो के सीआई ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि राजस्थान रोडवेज ने अपने क्षेत्र में 10 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराये में बढ़ोतरी की है। जिसकी वजह से राजस्थान में प्रवेश करने के बाद वहां की बढ़ी हुई दर के हिसाब से किराया लिया जाएगा।