रेलवे अंडरपास में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़ जिले में लगातार तीसरे दिन शनिवार को हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों से लेकर गांव तक जलभराव है जिससे आवागमन प्रभावित रहा। शहर में सीवर ओवरफ्लो है। कुछ स्थानों पर सड़कों पर बने गड्ढे में वाहन फंस गए तो कहीं दोपहिया वाहन चालक कर गिरकर घायल हो गए। बारिश के चलते 12 घंटे से बिजली गुल होने के कारण जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर में चारों तरफ जलभराव से लोगों को परेशानी न उठानी पड़ी। लगातार बारिश के चलते शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। शहर के मोहल्ला चांदुवाड़ा, नलापुर, सिटी पोस्ट ऑफिस गली आदि मुहल्लों में शुक्रवार सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित है।
शहर के कई हिस्सों में रात से सुबह 10 बजे तक बिजली बाधित रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति पिछले 12 घंटों से बाधित पड़ी है। इसकी वजह से जलापूर्ति नहीं हुई जिससे लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। विद्युत वितरण निगम कर्मचारियों व अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के फोन उठाने बंद कर दिए हैं। शिकायत नंबर पर भी उपभोक्ताओं को जवाब नहीं मिल रहा है। इसके चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
एसडीएम मनोज कुमार ने शनिवार को शहर में जलभराव वाले हिस्सों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को जल्द जलनिकासी कराने के निर्देश दिए। वहीं बारिश से बाजरे और कपास की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है जिसे लेकर किसान चिंतित हैं। किसानों ने सरकार व प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
रेलवे अंडरपासों में भरा पानी, संपर्क टूटा
शहर में नागरिक अस्पताल, सीआईए फाटक, चौकी नंबर 45, कादीपुरी व बहरोड रोड पर लोगों की सुविधा के लिए रेलवे अंडरपास बनाए गए हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते अंडरपासों में पानी भर गया है। रेलवे ने जलनिकासी का कोई इंतजाम नहीं किया है। इसके चलते लोगों दूसरी तरफ आना, जाना मुश्किल हो गया है, क्योंकि अंडरपासों में पानी भरने चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।