हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम में बदलाव का दौर जारी है। इस कड़ी में नारनौल में तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
नारनौल क्षेत्र में मौसम अचानक से बदल गया और काले घने बादलों ने आसमान को ढक लिया। तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। शनिवार दोपहर ढाई बजे नारनौल सहित आसपास के क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई थी, जो अब जारी है। इस समय बारिश होने से सबसे ज्यादा किसानों को नुकसान होने की संभावना है। अभी खेतों में गेहूं की फसल कटाई के बाद पड़ी है।
विज्ञापन
अनाज मंडियों में खुले आसमान के नीचे सरसों की ढेरी पड़ी हुई है, अब वह बारिश में भीग रही है। अगर तेज बारिश आती है तो किसानों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग की माने तो 13 से 15 अप्रैल तक क्षेत्र में बारिश के साथ तेज अंधड़ की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि संपूर्ण मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम में बदलाव का दौर जारी है।
जिसकी वजह से संपूर्ण इलाके में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वर्तमान परिदृश्य में मैदानी राज्यों पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।