सर्दियों के मौसम में हुई पहली बारिश से ही शहर में बिजली सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई। लाइनों में फाल्ट आने से शहर की बिजली आपूर्ति कई जगह 24 तो कई जगह 36 घंटे तक बाधित रही। कहीं बिजली सुचारु भी हुई तो वहां लंबे-लंबे बिजली के कट लगे। बिजली की इस समस्या के कारण शहरवासियों को भारी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। शहर की बिजली व्यवस्था का हाल बेहाल है। बिजली कर्मियों द्वारा सही देखभाल नहीं किए जाने के कारण लाइनें जर्जर हो गई हैं।
शहर व आसपास के क्षेत्र में बुधवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ। हल्की बरसात के बाद ही शहर में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। जिसके कारण शहर के अनेक क्षेत्रों में बुधवार रात को ही बिजली गायब हो गई, जो वीरवार शाम तक नहीं आ पाई। वहीं कई क्षेत्रों में वीरवार सुबह आई तेज बारिश के बाद बिजली गायब हुई। बारिश का दौर दिनभर जारी रहने के कारण शहर के कई क्षेत्रों में वीरवार रात तो अनेक क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तक बिजली व्यवस्था ठीक नहीं हो पाई है। इसके कारण शहर वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जगह लाइनें हुई पंचर
बारिश की वजह से शहर में अनेक जगह बिजली का फाल्ट हो गया। बिजली तारें ढीली होने के कारण फाल्टों की संख्या ज्यादा रही, वहीं कई जगह अंदर व बाहर से जा रही लाइनें पंचर भी हो गई। इन पंचर लाइनों को ढूंढने में बिजली कर्मियों को ज्यादा समय लग गया। जिसकी वजह से बिजली 24 घंटे से भी अधिक समय तक बाधित रही।
शुक्रवार को लगे कई लंबे-लंबे कट
बिजली व्यवस्था बुधवार शाम को बाधित हुई थी। जो शुक्रवार सुबह तक रही, वहीं शुक्रवार को बिजली लाइनें ठीक हो जाने के बाद भी शुक्रवार को लंबे-लंबे कट या बार-बार बिजली के कट लगने की शिकायतें बिजली बोर्ड को मिली। इन शिकायतों को निपटाने में बिजली निगम के कर्मचारी शुक्रवार को दिनभर लगे रहे।
व्यापारियों को हुई अधिक परेशानी
बिजली आपूर्ति 24 घंटे से भी अधिक समय तक बाधित रहने के कारण दुकानदारों व छोटे कामगारों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली से जुड़े हुए दुकानदारों का वीरवार दिन के समय धंधा चौपट रहा।
रात को रहा अंधेरा
पावर कट 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक रहने के कारण इनवर्टर आदि भी ठप हो गए। वहीं इनवर्टर ठप हो जाने के कारण रात के समय लोगों के घरों में अंधेरा छाया रहा।
मेरे मोहल्ले की बिजली बुधवार रात को गुल हुई थी, जो वीरवार शाम तक नहीं आई। इससे मुझे काफी दिक्कतें हुई। बिजली न आने के कारण कामकाज प्रभावित हुआ। -सुनील कुमार
हालांकि यह मौसम सर्दियों का है, इसमें बिजली की ज्यादा जरूरत नहीं है फिर भी 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली गुल रहने के कारण इनवर्ट बंद हो गए थे। इससे ज्यादा परेशानी हुई।-ताराचंद
शहर में बिजली की लाइनों की सही से मरम्मत नहीं है। इसके कारण हल्की सी बारिश में ही लाइनें खराब हो जाती हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। -नवीन वशिष्ठ
शहर में 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली नहीं आई। इससे इनवर्टर भी ठप हो गए। रात को शहर में अंधेरा रहा। इससे काफी परेशानी हुई। -सुनील
बारिश की वजह से दो दिन से बिजली लाइनों में फाल्ट व पंचर आदि की समस्या हो गई थी। जिसे समय रहते दुरुस्त कर लिया गया। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसका भी समाधान किया जा रहा है।- विकासदीप यादव, एसडीओ, शहरी