महेंद्रगढ़। तीन दिनों में हुई करीब 27 एमएम बारिश से शहर की सड़कें बदहाल हो गई हैं। प्रमुख सड़कों की गिट्टियां उखड़ गई हैं और कई स्थआनों पर गड्ढे बन गए हैं। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। शहर की करीब दस मुख्य सड़कें जर्जर हैं जिनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
सबसे खराब स्थिति गोशाला रोड की है। यहां सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है और जगह-जगह केवल रोड़ियां व गहरे गड्ढे ही नजर आते हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से वाहनों के आवागमन से हालात और अधिक चिंताजनक हो गए हैं।
वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई समाधान तो दूर पेंचवर्क तक नहीं किया गया।
इसके अलावा सिनेमा रोड, मसानी से डुलाना रोड, आईटीआई रोड और ब्रह्मचारी रोड की हालत भी दयनीय है। इन मार्गों पर बने गड्ढे लोगों की रफ्तार को रोक रहे हैं। वाहन चालकों को हर थोड़ी दूरी पर ब्रेक लगाना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिल रही है। शहरवासियों ने नपा से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान ऐसी समस्याएं दोबारा न हों। फिलहाल नपा व प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
-
शहर के अधिकांश प्रमुख सड़कों के हालत बारिश के बाद अब ओर अधिक खराब हो गए हैं। गोशाला रोड तो एक कच्चे रास्ते के समान है। हर कदम पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। वाहनों के गुजरने से अब रोड़ियां भी दुकानों के अंदर तक पहुंचने लगी हैं। दयनीय हालात में पहुंचने के बावजूद भी नपा सुध नहीं ले रही है। लालचंद सैनी, दुकानदार
अब तो घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन हालातों के बावजूद भी आखिरकार सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य कब शुरू होगा यह बड़ा सवाल है। - मोहित, गोशाला रोड
-
- वर्जन:
नपा की ओर से गत दो माह पूर्व शहर की सड़कों की दशा सुधारने के लिए 25 लाख रुपये का वर्क ऑर्डर किया था। संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर काम शुरू कराने के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है। अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो टेंडर को रद्द कर किसी ओर एजेंसी से यह काम शीघ्रता से कराया जाएगा।
- रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।