नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नितिन राज की अदालत ने कनीना थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या और आपराधिक साजिश के मामले में आरोपी महिला बिमला की दूसरी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने मामले की गंभीरता और आरोपी की भूमिका को देखते हुए उसे जमानत देने से इन्कार कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिकायतकर्ता सुरेंद्र ने बताया था कि 5 जून की रात करीब 12 बजे उनके भतीजे जय भगवान के फोन पर सूचना मिली कि घर में उनकी मां ओमती पर हमला हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे।
वहां कविता और बिमला हाथों में लाठियां लेकर बाहर खड़ी थीं। घर के अंदर से चीखने की आवाजें आ रही थीं। आरोप है कि इसके बाद लखी राम कुल्हाड़ी तथा विनोद और संदीप बरछी लेकर बाहर आए। उनके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे।
हमले में ओमती गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें पहले कनीना अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बिमला के वकील ने अदालत में दलील दी कि वह 5 जून से जेल में बंद हैं। जांच में घटना के समय घर के बाहर उनकी मौजूदगी सामने नहीं आई और उनके पास से कोई हथियार भी बरामद नहीं हुआ। केवल मोबाइल फोन मिला है।
वहीं सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि जांच में आपराधिक साजिश में उनकी भूमिका सामने आई है और जमानत मिलने पर उनके फरार होने की आशंका है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी।