दिल्ली में कांग्रेसियों के बीच हुए झगड़े के बाद रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर समर्थकों ने शहर में रोष प्रदर्शन कर महावीर चौक पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका। प्रदर्शन कर रहे प्रदेश अध्यक्ष के समर्थकों ने हुड्डा मुर्दाबाद एवं डॉ. अशोक तंवर जिंदाबाद के नारे लगाए।
इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता चितवन वाटिका में एकत्रित हुए, जहां कांग्रेस नेता सत्येंद्र सिरोहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इशारे पर डॉ. तंवर पर हमला किया गया है। हुड्डा ऐसा करके अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने आरोप लगाया और कहा कि हुड्डा दलित विरोधी हैं। उन्हें डॉ. तंवर जैसे सभ्य एवं संघर्षशील नेता का उभरना गंवारा नहीं। उन्होंने कांग्रेस सुप्रीमो से मांग की कि इस हरकत को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। अन्यथा ये अपनी मंसूबों के लिए कांग्रेस को और ज्यादा खराब करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ नेता दयाराम एडवोकेट, अमित राज, अरुण बैरावास, जितेंद्र तोबड़िया, मोहनलाल, ब्रह्मादत्त, प्रवीण सिरोहा, पंकज बैरावास व भालेंद्र ढाणी किरारोद आदि मौजूद रहे।