फोटो नंबर-07कार्यकारी अभियंता के खिलाफ नारेबाजी करते पीडब्ल्यूडी कर्मचारी। संवाद
नारनौल। हरियाणा गवर्नमेंट मैकेनिकल वर्कर यूनियन शाखा बीएंडआर ने मांगों को लेकर सोमवार पुरानी कचहरी स्थित लोक निर्माण विभाग भवन और मार्ग कार्यालय प्रांगण में कार्यकारी अभियंता के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी की।
धरने की अध्यक्षता नारनौल ब्लॉक प्रधान कपिल यादव ने की, जबकि संचालन अनिल शर्मा ने किया। प्रधान कपिल यादव ने बताया कि कई बार कार्यकारी अभियंता को पत्र देकर अनुरोध किया गया कि वे कर्मचारियों की मांगों का समाधान करें, लेकिन इसके बाद भी कार्यकारी अभियंता ने यूनियन के पदाधिकारी से बातचीत करना भी उचित नहीं समझा।
जिसे लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। इसी कारण ही उन्हें धरना व प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि बहुत सी मांगें ऐसी हैं जिन पर सरकार का एक भी पैसा खर्च नहीं होता फिर भी मांगों को अनदेखा किया जा रहा था। सुबह करीब दस बजे 12 तक धरना जारी रहने के बाद कार्यकारी अभियंता ने यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय में बुलाया। इसके बाद पदाधिकारियों से सभी मांगों पर बातचीत की गई।
सभी मांगों पर विचार विमर्श करने के बाद मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया। कार्यकारी अभियंता के आश्वासन के बाद धरने को स्थगित कर दिया गया। वक्ताओं में राज्य उपाध्यक्ष जगनलाल निनानिया रिटायर्ड कर्मचारी संघ, जिला प्रधान घनश्याम शर्मा रिटायर्ड कर्मचारी संघ, जिला प्रधान कौशल यादव, जिला सचिव विजेंद्र शर्मा, जिला कैशियर नरेंद्र कुमार, उपप्रधान सिंचाई विभाग महेंद्रगढ़ से परमवीर सिंह, प्रधान सिंचाई विभाग नारनौल से अनिल कुमार, नरेंद्र प्रधान पब्लिक हेल्थ कनीना, सुबेसिंह राज्य प्रचार सचिव, चौधरी शेर सिंह व ब्रांच कैशियर विकास कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।