महेंद्रगढ़। शहर की मंडी में बाजरे का उठान धीमा होने से खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मंगलवार शाम मार्केट कमेटी की फ्लाइंग टीम ने मंडी में बाजरे के रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान रिकॉर्ड सही मिला। उठान में देरी के कारण मंडी में जगह की कमी हो गई है।
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र यादव ने व्यापारियों को नोटिस जारी कर उठान के लिए एक दिन का विशेष समय दिया था। अब तक मंडी से 60 हजार क्विंटल बाजरे का उठान हो चुका है, जबकि 40 हजार क्विंटल उठना बाकी है। मंगलवार को 20 क्विंटल बाजरे का उठान किया गया।
बुधवार को 178 किसानों से 4,973 क्विंटल बाजरे की आवक हुई। दो दिन में आठ हजार क्विंटल बाजरे की खरीद हुई है। अब तक 3,806 किसानों से कुल 1,04,500 क्विंटल बाजरा खरीदा जा चुका है।
सचिव नरेंद्र यादव ने व्यापारियों को उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। योजना के अनुसार सुबह से शाम तक उठान कराया जाएगा, ताकि मंडी में जगह खाली हो सके और खरीद दोबारा सुचारु रूप से चल सके। जगह की कमी के कारण किसानों को फसल बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।