राज्य में चल रहे परिवार पहचान पत्र यानी फैमिली आईडी बनाने के लिए राजकीय स्कूलों में शिक्षकों को नियुक्त किया गया है। पिछले छह दिन से इस वेबसाइट पर लगातार दिक्कत आ रही है। शिक्षक दिन भर में आठ से दस लोगों के रिकॉर्ड ही अपलोड कर पाते हैं। दिन के समय सर्वर डाउन होने के कारण कंप्यूटर टीचर रात के समय फार्म अपलोड कर रहे हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से सभी परिवारों को पहचान देने के लिए फैमिली आईडी बनाने का काम किया जा रहा है। जिसमें पूरे परिवार के लोगों का रिकार्ड रहेगा। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की फैमिली आईडी तैयार करने के लिए राजकीय स्कूलों के शिक्षकों को नियुक्त किया गया है। जिसमें 25 अगस्त से 7 सितंबर तक फैमिली आईडी बनाई जा रही हैं। स्कूलों में फैमिली आईडी बनाने को लेकर नियुक्त शिक्षक लगातार परेशानी का सामना कर रहे हैं।दरअसल वेबसाइट बेहद धीमी गति से चल रही है। कई बार आंकडे अपडेट करने के बाद अंत में आवेदन रिजेक्ट हो जाता है। ऐसे में पूरी मेहनत बर्बाद हो जाती है। प्राचार्य आरपी कौशिक ने बताया कि दिन के समय फार्म अपलोड नहीं हो रहे। कंप्यूटर टीचर रात के समय अपने रिकार्ड का पूरा कर रहे हैं। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में अब तक 45 लोगों के आवेदन ही अपलोड हो सके।