नारनौल। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं, नीतियों तथा उपलब्धियों को प्रत्येक गांव व वार्ड स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिकारी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आउटरीच कार्यक्रम चलाएंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद रहेंगे ताकि दूसरे लोग भी उसी प्रकार योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ें। इसी कार्यक्रम को लेकर बुधवार को उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। डीसी ने कहा कि सरकार के निर्देश अनुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा के जिला में सफल संचालन के लिए आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की भावना के अनुरूप ही ये कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों की देखरेख की जिम्मेदारी विकास और पंचायत विभाग तथा शहरी क्षेत्र में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आज ही रूट प्लान तैयार करें। कार्यक्रम की सफलता के लिए अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह को ओवर ऑल नोडल अधिकारी लगाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान हर गांव तथा हर वार्ड में बहुत ही भव्य कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। हरियाणा उदय और नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवाओं की भागीदारी भी रहेगी।
डीसी ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी गांव में ग्राम सचिवालय में होंगे, जिन गांवों में ग्राम सचिवालय नहीं है वहां पर राजकीय स्कूल में होंगे। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, एसडीएम महेंद्रगढ़ हर्षित कुमार, एसडीएम नारनौल मनोज कुमार व एसडीएम कनीना सुरेंद्र कुमार के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
अधिकारी स्टॉल लगाकर देंगे सेवाएं
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांवों तथा वार्डों में हेल्थ चेकअप, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, चिरायु कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा प्रॉपर्टी आईडी बनवाने या त्रुटियां ठीक करवाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे।
वैन के माध्यम से सुनाया जाएगा पीएम-सीएम का संदेश
गांव और वार्ड स्तर पर ऐसे सांझा स्थान का चयन किया जाएगा, जहां गांव व वार्ड के लोगों को बुलाकर वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जा सके। इसके अलावा देश के प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश को भी दिखाया जाएगा। हर दो खंड पर एक वैन चलेंगी। वहीं नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री भी दी जाएगी।