क्षेत्र में दो दिन तक चले अंधड़ के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बिजली कब आए और कब चली जाए इसका कुछ पता नहीं। बिजली लाइनाें में आए फाल्ट के कारण लोगाें का हाल बेहाल हो गया है। दिन ही नहीं रात के समय भी मिनट-मिनट पर बिजली के कट लग रहे हैं।
इससे एक तरफ जहां रात में लोग अंधेरे में रहने को विवश हैं वही पेयजल आपूर्ति भी सही ढंग से नहीं हो पा रही है। लोगाें का कहना है कि अगर बिजली इसी तरह आंख मिचौनी का खेल खेलती रही तो उमस और गर्मी के कारण हमारा जीना मुहाल हो जाएगा। बिजली की यह समस्या सिर्फ शहरों में ही नहीं हैं। इससे भी बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्राें का है जहां पर दिन भर बिजली गायब रह रही है। गौरतलब है कि अंधड़ और बारिश के चलते कई जगह बिजली खंभे और पेड़ भी टूटकर गिर गए हैं।
अंधड़ से कई जगह खंभे व लाइनें टूट गई थी। विभाग के कर्मचारियाें ने इसको ठीक कर दिया गया ा। अब शहर में बिजली की कोई समस्या नहीं है।
विजयपाल सिंह एसडीओ, शहरी
नेत्रहीन व्यक्ति करंट की चपेट से घायल
मंडी अटेली। क्षेत्र में आए अंधड़ से खंड के गांव बिहाली में दो खंभे क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरे जिससे मुख्य रास्ता बाधित हो गया। रास्ता बाधित होने के कारण तारों की चपेट में एक नेत्रहीन व्यक्ति आकर घायल हो गया जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव बिहाली में गोशाला की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर वाटर सप्लाई को बिजली सप्लाई को जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया था जो अंधड़ के कारण क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। दोनों खंभे टूटने के कारण ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया। इसी गांव का चन्द्रभान नामक नेत्रहीन व्यक्ति सोमवार सुबह शौच के लिए गया था जहां वह करंट की चपेट में आ गया।