फोटो नंबर- 35निजामपुर रोड पर बिजली की तारों को ठीक करते कर्मचारी।
नारनौल। हरियाली तीज के पर्व पर शहर के कई इलाकों में करीब पांच से छह घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी हुई। सुबह करीब 9 बजे निजामपुर रोड स्थित सिटी मैरिज के पास एक वाहन बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में खंभा टूट गया जिससे इंडस्ट्रियल पावर हाउस से जुड़े कई फीडरों की आपूर्ति प्रभावित हो गई।
बिजली कटौती के कारण जमालपुर, दया नगर, बाल भवन, संघीवाड़ा, मिश्रवाड़ा, रामकरण दास कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, पंचमुखी हनुमान मंदिर, कुलताजपुर रोड, कोरियावास रोड और निजामपुर रोड समेत पुल बाजार, मानक चौक व बजाजा बाजार में बिजली नहीं रही।
हरियाली तीज पर शहर में पतंगबाजी का खास उत्साह रहता है। लोग घरों की छतों पर पतंग उड़ाने के साथ स्पीकर पर गीत भी बजाते हैं। इस बार बिजली गुल रहने से छतों पर पतंग तो खूब उड़ी लेकिन स्पीकर खामोश रहे। दोपहर करीब 3 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद मोहल्लों में फिर गीतों की आवाज सुनाई देने लगी और त्योहार की रौनक लौट आई।
-
वर्जन :
गाड़ी की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया जिसके स्थान पर नया खंभा लगाया गया। इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था कर कुछ स्थानों की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की गई। वहीं, कुछ स्थानों की बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लगा।
-मोहम्मद अजरुद्दीन, एसडीओ शहरी क्षेत्र, बिजली निगम, नारनौल।