मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की दशकों पुरानी पानी की समस्या को दूर किया है। सरकार ने हर गांव में पेयजल सप्लाई के इंतजाम किए हैं। आने वाले समय में हर घर की रसोई तक पेयजल की व्यवस्था करेंगे। मुख्यमंत्री शनिवार को जिले में जन आशीर्वाद यात्रा के पहले दिन की समाप्ति पर चितवन वाटिका में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस इलाके के लिए उठान सिंचाई प्रणाली के लिए 143 करोड़ रुपये से नहरों का जीर्णोद्धार करवाया और पुरानी मोटरों को बदला। हमारी कोशिश से प्रदेश की तीन सौ टेल जो सूखी पड़ी थी, उनमें पानी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनी तब विपक्षी पार्टियां कहती थी कि यह तो नए लोग इनकों अनुभव नहीं है, पता नहीं यह सरकार चला पाएंगे। लेकिन हमने सहीं ढंग से सरकार चलाकर लोगों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों के बाद बीपीएल राशन कार्ड को बनाने की प्रक्रिया आरंभ की गई है। अब कोई भी पात्र व्यक्ति जिसकी मासिक आय 15 हजार रुपये तक है, वह अपना नाम बीपीएल सूची में दर्ज करवा सकते हैं। सरल केंद्र व ई दिशा केंद्र पर फार्म भरकर बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवा सकते हैं। आयुष्मान योजना के तहत भी 25 हजार से अधिक लोगों को फायदा मिला है। इसके तहत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमने शुचिता की राजनीति की है। पारदर्शिता के आधार पर नौकरियां दी हैं। जिससे दक्षिणी हरियाणा में युवाओं को पारदर्शिता के आधार पर अधिक नौकरियां मिली हैं। अगर नेता ईमानदार, अधिकारी ईमानदार तथा कर्मचारी ईमानदार है तो जनता को भी ईमानदार बनकर आगे बढ़ना होगा। उन्हें अफसरों व दफ्तरों के चक्कर ना काटने पड़े इसके लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान की है। कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ घर बैठे ले सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति करवाने का उनका नेक इरादा है। अब तक 4137 गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वह अगर 24 घंटे अपने गांव में बिजली चाहते हैं तो उन्हें मीटर बाहर लगवाने होंगे। कुंडी कनेक्शन लगाना बंद करना होगा। बिजली के बिल बकाया भरने होंगे। इसके लिए अंतिम एक वर्ष के बकाया बिल की छह किस्तों में अदायगी करने की सुविधा सरकार प्रदान करेगी। अगर यह सभी औपचारिकताएं पूरी करते हैं तो 30 दिन के अंदर अंदर 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का उनका वायदा है। क्षेत्र के विकास के लिए तीन हाईवे बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। गांव कोरियावास में मेडिकल कॉलेज बनने व निजामपुर में लाजिस्टक हब का निर्माण होने के बाद इस क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। ऐसे में हमें पांच साल के लिए दोबारा से लाइसेंस रिन्यू करें। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, भिवानी महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, विधायक ओमप्रकाश यादव, नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह यादव, शिव कुमार महता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
रथ से किया लोगों को संबोधित
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा शनिवार की शाम चितवट वाटिका पर समाप्त हुई। बारिश के कारण सीएम रथ पर से ही लोगों को संबोधित किया। झमाझम बारिश में भी लोगों के आने पर उन्होंने सभी का धन्यवाद किया। सीएम ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा 18 अगस्त को कालका से शुरू हुई थी। यात्रा प्रदेश के 60 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुकी है।
चामुंडा देवी के दर्शन के बाद करेंगे यात्रा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री रविवार को चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद रेस्ट हाउस से आठ विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। सुबह नौ बजे उनका महावीर चौक पर स्वागत कार्यक्रम होगा। उसके बाद हुडा मोड, नूनी अव्वल मोड व नसीबपुर नांगल सिरोही समेत अन्य जगहों पर रथ यात्रा का स्वागत होगा। इसके बाद महेंद्रगढ़ विधानसभा में प्रवेश कर जायेंगे।