नारनौल। जिला भाजपा में सोशल मीडिया पर चल रहा अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव और किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विष्णु तंवर के बीच फेसबुक पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। दोनों नेताओं के समर्थक भी इस विवाद में कूद पड़े और सोशल मीडिया पर तीखी बहस देखने को मिली।
विवाद की शुरुआत विष्णु तंवर की एक फेसबुक पोस्ट से हुई। उन्होंने जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव पर एक पुराने कार्यकर्ता को फोन के जरिये धमकी दिलवाने का आरोप लगाया। इस पोस्ट पर सबसे पहला जवाब खुद जिलाध्यक्ष ने देते हुए आरोपों को निराधार बताया।
उन्होंने लिखा कि बहुत दिनों से आपकी गलत पोस्ट और बकवास सहन कर रहा हूं। पार्टी, कार्यकर्ताओं, विधायक और प्रधानमंत्री के खिलाफ अब और नहीं। गलत लिखोगे तो अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे जिलाध्यक्ष ने पोस्ट में लिखा कि मैंने आपके कहने से भाजपा जिला महामंत्री नहीं बनाया तो यह नहीं कि कुछ भी लिखोगे। इसी पोस्ट में आगे लिखा कि आप अपनी परिचित नेत्री से भी मंडल अध्यक्षों के खिलाफ लिखवा रहे हैं जो चुनाव में भी कांग्रेस की एजेंट थी।
आगे एक अन्य पोस्ट में जिलाध्यक्ष ने कहा कि विष्णु तंवर अपनी परिचित महिला प्रेमलता यादव को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनवाना चाहते थे। मांग पूरी नहीं होने पर वे सोशल मीडिया के जरिये पार्टी और पदाधिकारियों की छवि धूमिल कर रहे हैं।
इस पर विष्णु तंवर ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने कभी पद के लिए मांग नहीं की और जिलाध्यक्ष से इस बारे में सौगंध लेकर सच बताने को कहा। विवाद में प्रेमलता यादव ने भी टिप्पणी करते हुए एक मंडल अध्यक्ष पर पार्टी कार्यक्रमों में महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया।
इसी बीच मंगलवार को विष्णु तंवर ने किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। तंवर ने इस्तीफे की वजह यूजीसी कानून को बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी से इस्तीफा दे दिया है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनका इस्तीफा स्वीकार हुआ है या नहीं।
वर्जन:
विष्णु तंवर पार्टी का सोशल मीडिया पर गलत प्रचार कर रहा था। इसको लेकर नोटिस भी दिया गया था। वह एक महिला को महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनवाना चाहते थे जो पहले कांग्रेस की एजेंट रह चुकी है। हमारी पार्टी अनुशासन की है।
-यतेंद्र राव, भाजपा जिलाध्यक्ष, महेंद्रगढ़