महेंद्रगढ़। एसडीएम एवं एआरओ महेंद्रगढ़ संजीव कुमार ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के संबंध में एसडीएम कार्यालय में राजनीतिक दलों के साथ बैठक ली। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को रैली, रोड शो, गावों में नुक्कड़ व सभा के लिए एआरओ से अनुमति लेनी होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लोकसभा आम चुनाव के मध्य नजर चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। सभी राजनीतिक दल आचार संहिता की पालना करें। कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे चुनाव आयोग के आदेशों का उलंघन हो। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने ऑनलाइन नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कैंडिडेट नॉमिनेशन एप्लीकेशन नामक ऐप बनाया है। कोई भी उम्मीदवार इस ऐप का उपयोग करके अपना आवेदन ऑनलाइन दाखिल कर सकता है और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से सिक्योरिटी राशि जमा करा सकता है। आवेदन जमा होने के बाद, उम्मीदवार सुविधा उम्मीदवार ऐप का उपयोग करके अपने आवेदन की प्रगति को ट्रैक कर सकते हैं।