नारनौल। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने जिले के पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विभाग की प्राथमिकताओं को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने समाज को नशा मुक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और पुलिसकर्मियों को बेहतर व समन्वित कार्य योजना के तहत काम करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की अध्यक्षता में राजकीय पीजी कॉलेज के सभागार में बैठक की गई। इसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों व ग्राम प्रहरियों ने भाग लिया। जिला महेंद्रगढ़ पहुंचने पर कपूर का सलामी गार्ड द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उनके साथ साउथ रेंज के आईजी राजेंद्र कुमार भी कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे। बैठक से पूर्व उन्होंने पुलिस विभाग में तैनात वाटर कैरियर स्वर्गीय अशोक कुमार के परिजनों को 50 लाख रुपये का चेक सौंपा। स्वर्गीय अशोक कुमार की मृत्यु जुलाई में एक दुर्घटना में हो गई थी। स्वर्गीय अशोक कुमार थाना नांगल चौधरी में वाटर कैरियर के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग दुख की इस घड़ी में उनके साथ है। उन्होंने इस दौरान परिजनों से बातचीत करते हुए उनका हाल-चाल भी पूछा। बैठक में डीजीपी का स्वागत एसपी नीतीश अग्रवाल ने किया। इस दौरान एएसपी प्रबिना पी, डीएसपी जितेंद्र कुमार, डीएसपी रणवीर सिंह, डीएसपी मोहिंद्र सिंह, डीएसपी मोहम्मद जमाल, डीएसपी राजेश चेची भी मौजूद रहे।
समाज को सुरक्षित बनाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण
डीजीपी ने कहा कि समाज को नशा मुक्त, अपराध मुक्त व महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से कहा कि वह समाज में नशा बेचने वालों की लिस्ट तैयार करते हुए उन पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में गांव व वार्ड के मौजिज लोगो की मदद ली जा सकती है। इसके साथ ही वे जो लोग नशे की आदत का शिकार हो चुके हैं, उनकी नशा छुड़वाने में मदद करें। ऐसे लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंचाते हुए उनकी उपचार में मदद करें।
महिलाओं के साथ मारपीट व अत्याचार करने वाले लोगों से सख्ती से निपटे
डीजीपी ने कहा कि गांव में ऐसे लोग जो दादागिरी व आवारागर्दी करके अन्य लोगों को परेशान करते हुए कानून व्यवस्था बाधित करते हैं, उन्हें सबक सिखाते हुए उचित कार्रवाई करें। इसके साथ जो लोग अलग-अलग स्थान पर झुंड बनाकर खड़े होते हैं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं, उनसे सख्ती से निपटे। ऐसे स्थानों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाएं। समाज में महिलाओं पर अत्याचार व मारपीट करने वालों की भी सूची बनाएं और नियमानुसार कार्रवाई करें। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए जिले में ऑटो, ई रिक्शा सहित प्राइवेट बसों का डाटा तैयार किया जा रहा है। इन पर स्टिकर लगवाए जा रहे हैं।
पुलिस सूचना तंत्र करें मजबूत
डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मी फील्ड में अपना सूचना तंत्र मजबूत करें, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे अपराधियों से सख्ती से निपटे और उनका महिमा मंडन न करें। उन्होंने कहा कि अपराधियों के अहम को तोड़ने के लिए उचित कदम उठाए।
निष्ठा व समर्पण भाव से करें अपनी ड्यूटी
उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि शिकायतकर्ता के साथ व्यवहार अच्छा रखें और पारदर्शी तरीके से उचित कार्रवाई करते हुए उन्हें आश्वस्त करें। एक सप्ताह के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पुलिस थाने में परेशान होकर ही आता है, ऐसे में उनकी शिकायत को ध्यान से सुने और नियमानुसार उचित कार्रवाई। साथ ही शिकायत की पावती भी अवश्य दें।
पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करें
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश को अपराध मुक्त, नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस की कार्य प्रणाली को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को भ्रष्टाचार मुक्त तथा पारदर्शी बनाने को लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करें।