राहगीरी कार्यक्रम में खो-खो खेल खेलती महिला पुलिसकर्मी।
- फोटो : Narnol
दामण नीचे पहरी जूती तू बणगी नार कसूती। इस हरियाणवी गाने पर जब राहगिरी कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने मिलकर डांस किया तो माहौल में उमंग और जोश चरम पर था। जिला प्रशासन की ओर से रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सामने खुशियों बात थीम आयोजित राहगीरी कार्यक्रम का हर आम और खास ने मिलकर लुफ्त उठाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन मौजूद थे।
उन्होंने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से न केवल लोगों में आपसी मेलजोल बढ़ता है बल्कि शारीरिक कसरत भी हो जाती है। साथ ही लोगों का भरपूर मनोरंजन भी होता है। जिससे भाग दौड़ की जिंदगी में होने वाले तनाव से मुक्त हो जाते है। किसी भी समाज के लिए इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहिए। इस मौके पर एक बुजुर्ग ओम प्रकाश वर्मा व उनके पोते ने ‘हट जा ताऊ पाछे नै’ हरियाणवी गीत पर डांस किया तो तालियों के साथ नागरिकों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। अंध विद्यालय की छात्राओं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर एक गीत गाया जिसके बोल थे बेटा मांगने वालों बेटी को ना समझो भार। बेटी से करो तुम प्यार नारी का करो सत्कार। राहगीरी में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वच्छता अभियान पर नुक्कड़ नाटक पेश किया। वहीं इसी स्कूल के केशव व कोमल ने भाषण दिया। बीपीएस स्कूल की जावेद ने विभिन्न गानों पर डांस करके सबका मन मोह लिया। इंस्पेक्टर महेश वशिष्ठ ने भजन सुनाया। वहीं हवलदार वीरेंद्र व पैरा कमांडो कर्मवीर ने डांस किया। इसके अलावा एक बच्ची सीरत ने अयोध्या में राम मंदिर के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णय से खुश होकर पूरी रामायण सुनाई। इस मौके पर मानू व वैभव आदि ने भी कविता व नृत्य के माध्यम से मनोरंजन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की महिलाओं ने भी नृत्य किया। डीएवी स्कूल नारनौल के पहली क्लास के छात्र दिव्यांशु कादियान ने मंच संभाला। अंत में सभी महिला पुलिसकर्मियों व आम जनता ने मिलकर नृत्य किया। राहगीरी कार्यक्रम में बैडमिंटन, कैरम बोर्ड, क्रिकेट, खो-खो व पिट्ठू के अलावा विभिन्न खेलों में बच्चों व आम नागरिकों ने हाथ आजमाएं। बाल भवन से आए छात्रों ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लिया। इस अवसर पर डीएसपी विनोद कुमार, कनीना से उप पुलिस अधीक्षक साधु राम, उप पुलिस अधीक्षक मित्रपाल, महिला थाना प्रबंध कमला देवी व प्रवक्ता नरेश कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे।