फोटो संख्या:68- स्टेट हाईवे 148बी पर सड़क किनारे खड़े वाहन--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में हाईवे के किनारे खड़े ज्यादातर वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं होते है। वीरवार को पुलिस ने अभियान चलाकर 40 वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए और चालकों को भी जागरूक कर रहे हैं। दूसरी ओर शहर के हाईवे पर गोवंशों का जमावड़ा रहता है और नगर पालिका अभी भी सुस्त है।
शहर के 148-बी स्टेट हाईवे पर भारी वाहनों का जमावड़ा रहता है। रिवासा के पास ट्राले खड़े रहते हैं जबकि पास में खाली स्थान पर निजी बसें और गाड़ी आदि खड़े रहे हैं। शुक्रवार को जांच की तो वहां पर वाहनों पर किसी प्रकार के रिफ्लेक्टर नहीं थे।
इससे धुंध व रात को हादसे होने की संभावना है। शहर थाना पुलिस की ओर से शुक्रवार को वाहनों की जांच की गई और उन पर रिफ्लेक्टर लगवाए गए। हालांकि अभी तक शहर में प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग नहीं की गई है। सीधे ही वाहन दौड़ रहे हैं।
अगर पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जाए और जागरूक किया जाए तो सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाए जा सकते हैं। दूसरी ओर शहर के साथ हाईवे पर भी गोवंश को पकड़ने के लिए अभियान नहीं चलाया गया है।
नगर पालिका ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है लेकिन अभी तक अभियान सिरे नहीं चढ़ पाया है। रात को गोवंश सड़कों के बीच बैठे रहते हैं और कभी भी हादसा होने की संभावना रहती है। अगर नगर पालिका इस ओर ध्यान दे तो अब धुंध में गोवंशों के कारण होने वाले हादसों से बच सकते हैं।
-
वर्जन:
गोवंश पकड़ने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर अभियान सिरे चढ़ाया जाएगा। शहर के हाईवे पर बैठे गोवंशों को प्राथमिकता के आधार पर पकड़ा जाएगा। -रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:68- स्टेट हाईवे 148बी पर सड़क किनारे खड़े वाहन--संवाद