रेवाड़ी। पटाखे वाली बुलेट बाइक का चालान करती ट्रैफिक पुलिस। संवाद
रेवाड़ी। शहर में बुलेट बाइक से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर दोपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान विशेष रूप से उन बुलेट बाइक चालकों को निशाने पर लिया गया जिनके साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकल रही थी। करीब 5 चालान किए गए।
पुलिस की सख्ती को देखते हुए कई बाइक चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई और कई लोग मौके से वापस लौटते भी नजर आए। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज बलवंत सिंह ने बताया कि शहर में यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालना नियमों के खिलाफ है और इससे आम लोगों को परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मौके पर ही चालान काटे जाएंगे। बिना हेलमेट, कागजात अधूरे होने और अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है।