नारनौल। मोहल्ला गांधी कॉलोनी निवासी एक युवक ने सीआईए और सिटी थाना पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। युवक रामचंद्र की डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। इस दौरान युवक के पैर में फैक्चर आ गया। परिजनों ने युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने युवक के पैर में मारपीट से फैक्चर होना बताया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक व गृह मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर मामले की जांच करने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में मोहल्ला गांधी कॉलोनी निवासी रामचंद्र ने बताया कि 24 मई की रात करीब एक बजे शहर थाना पुलिस जिसमें एसआई लाजवंती, एएसआई रश्मी व अन्य पुलिस कर्मचारी जिप्सी लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि चोरी की वारदात के अंदर सीसीटीवी कैमरे में तुम्हारी फोटो आ रही है। चोरी के मामले में आपसे पूछताछ करनी है। रामचंद्र ने कहा कि उसने कोई चोरी ही नहीं की है। लेकिन, पुलिस उसे जिप्सी में लेकर सिटी थाने लेकर गई। जहां युवक को बेरहमी से पिटाई की गई। इसके बाद युवक के पैर में सूजन आ गया। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने रामचंद्र को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां एक्सरे में युवक के पैर में फैक्चर बताया। युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारी मामले को लेकर उससे 50 हजार रुपये देने की डिमांड कर रहे थे। पीड़ित का आरोप हैं कि सिटी थाना प्रभारी संतोष कुमार के इशारे पर यह कार्रवाई हुई है। पीड़ित ने मामले की जांच के लिए गृह मंत्री अनिल विज, डीजीपी व अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग को पत्र लिखकर जांच करवाने की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। शिकायत एसपी को दी है। मामले की जांच कराई जाएगी।