नारनौल। शहर के पीजी काॅलेज के बाहर लंबे समय से अतिक्रमण कर बैठे लोहार समाज के लोगों को हटाने में पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार शाम 4 बजे नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल के नेतृत्व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नगर परिषद की टीम व भारी पुलिस बल को देखकर लोहार समाज के लोगों में हड़कंप मच गया।
काॅलेज के बाहर अतिक्रमण को हटवाने में नगर परिषद की टीम व पुलिस को काफी विरोध का सामना करना पड़ा। लोहार समाज के लोग वहां से नहीं हटना चाहते थे, जिसकी वजह से काफी देर तक हंगामा किया। लोहार समाज की महिला व पुरुष अपनी झोपड़ियों के बाहर व अंदर खड़े हो गए।
महिला पुलिस ने महिलाओं को बाहर निकाला। इस दौरान कई बार उनकी आपस में हाथापाई हो गई। एक महिला पुलिस कर्मचारी तो चोटिल होकर रोने भी लगी। इस दौरान काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने के बाद लोहार समाज के लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी जैसे ही गाड़ी से उतरकर उनकी और दौड़ी तो प्रदर्शनकारी रेलवे स्टेशन की पटरी को पार कर भाग गए।
कॉलेज के बाहर अतिक्रमण का तीन-चार साल से चल रहा है मामला
काॅलेज के बाहर अतिक्रमण हटवाने का मामला गत तीन-चार साल से चल रहा है। काॅलेज को अपनी चहारदीवारी का निमार्ण भी करवाना था, जिसमें लोहार समाज के लोगों का अतिक्रमण आड़े आ रहा था। अतिक्रमण हटवाने पहुंचे नप ईओ व काॅलेज की प्राचार्य पूर्ण प्रभा से लोहार समाज के लोगों ने दो दिन का समय मांगा। इस पर प्राचार्य व ईओ ने कहा कि दो दिन पहले तहसीलदार भी आपको समय देकर गए थे, इसके बाद आप लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इससे पहले भी कई बार समय दिया जा चुका है।
महिलाओं ने बुलडोजर पर चढ़कर जताया विरोध
कुछ महिलाएं तो अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए बुलडोजर पर ही चढ़ गईं। अतिक्रमण हटवाने के दौरान काॅलेज के बाहर एक घंटे जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान वहां लोगों की भारी भीड़ लग गई। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी झोपड़ी के अंदर जाकर बैठे गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस और लोहार समाज के लोगों में हाथापाई तक की नौबत आ गई।
काॅलेज के सामने लोहार समाज के लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ था, जिन्हें हटाने के लिए कई बार नोटिस देकर अवगत करवाया था, जिसके बाद सोमवार को अतिक्रमण हटाने का कार्य किया गया।
- दीपक गोयल, ईओ नगर परिषद नारनौल