गांव डिगरोता में पिछले साल अक्टूबर में हुए मर्डर केस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वीरवार को एक आरोपी को एक दिन के रिमांड के बाद दोबारा से कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सतनाली पुलिस ने एक दिन के रिमांड के दौरान आरोपी से डंडा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पिछले साल 19 अक्तूबर सतनाली थाना में बीना देवी पत्नी सोहन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके जेठ ने परिवार के साथ मिलकर डंडे व कुल्हाड़ी से हमला करके मेरे पति की हत्या कर दी है। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जांच से पता चला कि दोनों भाइयों का जमीनी विवाद चल रहा था। जमीनी विवाद के चलते रामपाल ने अपने छोटे भाई सोहन की हत्या कर दी। जांच करते हुए सतनाली पुलिस ने रामपाल निवासी डिगरोता और उसकी पत्नी रामा देवी को बुधवार की सुबह गांव डिगरोता से गिरफ्तार किया है। रामा देवी को बुधवार को 14 दिन के ज्यूडिशियल रिमांड पर जिला जेल नसीबपुर नारनौल में भेज दिया गया था और रामपाल को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान रामपाल से घटना में प्रयोग किया हुआ डंडा बरामद किया है और रामा देवी से कुल्हाड़ी बरामद की। रामपाल को वीरवार को महेंद्रगढ़ अदालत में पेश करके 14 दिन के ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है।