महेंद्रगढ़। मंगलवार शाम को आए तेज अंधड़ के कारण महेंद्रगढ़ डिविजन में 227 बिजली पोल और 9 ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। चार दिनों में कुल 639 बिजली पोल और 35 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लगातार हुए नुकसान से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अब तक 5 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं।
वहीं, शनिवार और रविवार को आए अंधड़ में भी 412 पोल और 26 ट्रांसफार्मर टूट गए थे। शुरुआती अनुमान के अनुसार विभाग को 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में 5 हजार से अधिक पेड़ों के टूटने की संभावना है।
सबसे अधिक नुकसान ग्रामीण क्षेत्रों में हुआ है जहां कई गांवों में बिजली लाइनें और पोल गिर जाने से सप्लाई लंबे समय तक बाधित रही। बिजली बंद होने के कारण ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया है।
अंधड़ के दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क यातायात भी बाधित हुआ। क्षेत्र में 20 से अधिक टीनशेड क्षतिग्रस्त हुए और 10 से अधिक वाहनों को नुकसान पहुंचा। शहर के ब्रह्मचारी रोड, बस स्टैंड और गोशाला धोलपोश क्षेत्र में पेड़ गिरने से वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
10 से अधिक टीमें मरम्मत में जुटी
बिजली निगम की 10 से अधिक टीमें पिछले चार दिनों से लगातार दिन-रात मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। टूटे पोल बदलने, तार जोड़ने और ट्रांसफार्मर ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिन क्षेत्रों में नुकसान अधिक है, वहां बिजली बहाल होने में अभी और समय लग सकता है। लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
- वर्जन:
पिछले चार दिनों के अंधड़ के कारण 639 पोल व 35 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। अतिरिक्त संसाधन जुटाकर मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा रही है। अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। जिन क्षेत्रों में अधिक नुकसान हुआ है उनमें टीमें लगातार कार्य कर रही हैं जल्द ही पूरे क्षेत्र में आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास है।
-सुनील कुमार, उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़ बिजली निगम
फोटो संख्या:64- ब्रह्मचारी रोड पर सड़क के बीच में टूटा पड़ा पेड-संवाद
फोटो संख्या:64- ब्रह्मचारी रोड पर सड़क के बीच में टूटा पड़ा पेड-संवाद