सतनाली। गांव सिसोठ में आयोजित 14 वर्ष आयु वर्ग की 52 किलोग्राम भार वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में सुरेहती पिलानियां कबड्डी नर्सरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नर्सरी की दोनों टीमों ने फाइनल तक पहुंचकर पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार रेड, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीमवर्क दिखाया। नर्सरी की एक टीम ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि दूसरी टीम उपविजेता रही।
कोच ललित ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत की थी। अनुशासन और टीम भावना का असर उनके खेल में साफ दिखाई दिया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगे भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के इन खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन, लगातार अभ्यास और सुविधाएं मिलने पर ये खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।