सतनाली। राजकीय महाविद्यालय सतनाली में पीजी कोर्स शुरू हो गए हैं। हरियाणा उच्चत्तर शिक्षा विभाग की ओर से तीन कोर्स की अनुमित मिली है जिनमें एमएससी रसायन, एमएम भूगोल तथा एमए हिस्ट्री शामिल हैं। सरकार ने तीनों पीजी कोर्स के लिए 40-40 सीटें मंजूर की हैं। इसी वर्ष विद्यार्थी एडमिशन ले सकेंगे। वहीं सतनाली सरपंच प्रतिनिधि धर्मबीर गोठवाल ने पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा का आभार प्रकट किया।
बता दें कि सतनाली में राजकीय महाविद्यालय है। इस महाविद्यालय के अंतर्गत लगभग 40 गांव आते हैं। पिछले कुछ वर्षों से यहां यूजी कक्षाएं ही चल रही हैं। जिनमें लगभग 1800 विद्यार्थी पढ़ते हैं जिनमें 1000 से अधिक लड़कियां हैं। लगभग 20 दिन पहले गांव सतनाली के ग्रामीण पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा से उनके आवास पर मिले और उन्होंने एमए एवं एमएससी कक्षाएं शुरू करवाने की गुहार लगाई थी। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने उच्चतर शिक्षा विभाग के मंत्री मूलचंद शर्मा से फोन पर बातचीत की थी और उनको सतनाली में पीजी कोर्स शुरू करवाने का आग्रह किया था। वीरवार को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से एमएससी रसायन विभाग, एमए भूगोल तथा एमए हिस्ट्री की 40-40 सीटों की अप्रूवल मिल गई। विभाग की ओर से लेटर भी जारी कर दिया गया है। वहीं छात्र युवा संगठन के नेता सुखबीर गुर्जर ने भी पूर्व मंत्री का आभार जताया।
आज से एडमिशन शुरू
हरियाणा उच्चत्तर शिक्षा विभाग की ओर से पीजी कक्षाओं में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। पहले 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते थे लेकिन सरकार ने तारीख बढ़ाकर 5 अगस्त कर दिया है। अब सतनाली एवं आसपास के विद्यार्थी एडमिशन ले सकेंगे। उम्मीद की जा रही है कि कल तक पोर्टल पर भी सतनाली महाविद्यालय की पीजी सीटों का डाटा अपलोड हो जाएगा।
40 गांव के विद्यार्थियों को होगा फायदा
सतनाली क्षेत्र की यह वर्षों पुरानी मांग थी। इस महाविद्यालय के अंतर्गत लगभग 40 गांव आते हैं। यहां के विद्यार्थियों को पीजी करने के लिए महेंद्रगढ़, नारनौल या लोहारू जाना पड़ता था। दूरी अधिक होने की वजह से कई विद्यार्थी बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते थे। इस संबंध में हम पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा से कुछ दिन पहले मिले थे तो उन्होंने मूलचंद शर्मा मंत्री से बातचीत की थी। उनके सहयोग से सतनाली महाविद्यालय पीजी कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। हम उनका आभार प्रकट करते हैं। -धर्मवीर गोठवाल, सरपंच प्रतिनिधि, सतनाली।
आज हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से पीजी कोर्स शुरू किए जाने की अनुमति मिल गई है। विभाग की ओर से एमए भूगोल, हिस्ट्री तथा एमएससी रसायन विज्ञान अनुमति दी गई है और इसका लेटर भी जारी हो गया है। विद्यार्थी इसी सत्र से एडमिशन ले सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 5 अगस्त है तो वो पांच अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। -सुधीर लांबा, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, सतनाली।