कनीना। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ग्राम कोटिया के आंगनवाड़ी केंद्र में निशुल्क टीबी जांच शिविर आयोजित किया गया। डॉ. हनुमान के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम ने 73 लोगों की स्क्रीनिंग की।
जांच के दौरान खांसी और सीने में दर्द की शिकायत वाले 32 संदिग्ध मरीजों के मौके पर ही एक्स-रे किए गए, जबकि सात लोगों के बलगम के सैंपल लिए गए। शिविर का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उनका निशुल्क उपचार शुरू करना और संक्रमण को फैलने से रोकना रहा।
मोबाइल टीम में फार्मेसी ऑफिसर नीरज कुमार, नर्सिंग ऑफिसर फूलचंद, रेडियोग्राफर सोहेल खान और चालक भीम सिंह शामिल रहे। इस दौरान एसटीएस पवन कुमार, टीबीएचवी युद्धवीर, सीएचओ लोकेश, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सोनिया व सुमन तथा लैब टेक्नीशियन मनोज ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण के बारे में बताया।