फोटो संख्या:64- मोहल्ला कानौडिया में खराब पेयजल को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एस
महेंद्रगढ़। शहर के मोहल्ला कानोड़िया में दूषित और अनियमित पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। शनिवार को लोगों ने एकत्र होकर विभाग एसडीओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
मोहल्ला निवासी मनोज मुद्गिल, प्रदीप कुमार, देवांश, कविश, पीयूष, प्रदीप, ईना, मुकेश, लोकेश, राजबाला, सरिता, बबली, आशा, मीना आदि लोगों ने बताया कि विभागीय लापरवाही के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
शहर में पाइपलाइन में तकनीकी खामियों के कारण साफ पानी की जगह गंदा पानी आ रहा है। अब गर्मी के मौसम में अनियमित जलापूर्ति और कई वार्डों में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। लोगों की ओर से विभाग अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है।
शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है और इस राशनिंग आपूर्ति से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनकी घरेलू जरूरतों को पूरा करने में यह पानी अपर्याप्त है और लोगों को पानी खरीदकर कार्य करना पड़ रहा है।
मोहल्ला कानोडिया के 40 घरों में पिछले 10 दिनों से दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। वहीं विभाग के एसडीओ जियाराम ने लोगों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।