महेंद्रगढ़। यादव धर्मशाला में शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने बैठक कर महेंद्रगढ़-भिवानी सांसद पर विकास को लेकर भेदभाव का आरोप लगाया। बैठक के दौरान लोगों ने कहा कि भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद द्वारा गत 6 फरवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एक मांग पत्र सौंपा है। इसमें महेंद्रगढ़ को छोड़कर भिवानी शहर बाईपास वाया तोशाम, लोहानी में बाईपास का निमार्ण, जुई में बाईपास निर्माण, कस्बा ढि़गावा बाईपास, लोहारू कस्बे में लोहारू-पिलानी रोड से लोहारू-सूरजगढ़ रोड पर बाईपास निर्माण की मांग उठाई। लेकिन महेंद्रगढ़ शहर के बाईपास को लेकर पिछले 20 सालों से मांग उठाई जा रही है, सांसद ने इसकी कोई चर्चा तक नहीं की। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस क्षेत्र के विकास के लिए सांसद का कोई ध्यान नहीं है तथा अपने स्थानीय क्षेत्रों में विकास पर जोर दिया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले 9 वर्ष के कार्यकाल में न ही कोई नई रेलगाड़ी सुविधा, तीन ट्रेनों का ठहराव सहित उक्त सांसद द्वारा महेंद्रगढ़ क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं करवाया गया। जबकि यहां की जनता ने इन्हें समय-समय पर भारी समर्थन देकर सांसद बनाया। उसके बावजूद भी इस क्षेत्र के साथ सांसद द्वारा अनदेखी की जा रही है। समय रहते लोगों की मांगों पर कार्यवाही नहीं हुई तो आने वाले चुनावों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस मौके पर समाजसेवी रामनिवास, यादव सभा के प्रधान अभय सिंह, धर्मपाल नंबरदार, जगदीश प्रसाद, रणधीर, महेश बवानियां, रामप्रताप, अमर सिंह, ताराचंद, गोपीराम, अग्रवाल, सरजीत, कैप्टन राजेंद्र खेड़ा, रामचंद्र, बाबू मलखान, प्रो बस्तीराम, रामबीर, सूबेदार रामचंद्र, पूर्व सरपंच मुंडायन रामनिवास, संजय रिवासा, भूपेंद्र आर्य सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।