फोटो संख्या:80- कनीना में बाइक पर सिलिंडर लेकर जाते कनीनावासी--संवाद
महेंद्रगढ़/कनीना। क्षेत्र में घरेलू गैस की आपूर्ति आधी होने से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गैस की कमी की आशंका के चलते उपभोक्ताओं की गैस एजेंसियों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई है। एजेंसियों में भी मांग के अनुसार आधी आपूर्ति ही मिल पा रही है।
महेंद्रगढ़ व कनीना में सामान्य दिनों में शहर में प्रतिदिन करीब सात हजार से अधिक गैस सिलिंडरों की मांग रहती है लेकिन एक सप्ताह से एजेंसियों को मांग के मुकाबले केवल आधी आपूर्ति ही मिल पा रही है। प्रतिदिन दो हजार से अधिक सिलिंडर की बुकिंग हो रही है। सिलिंडर नहीं मिलने के कारण गैस वितरण की व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
महेंद्रगढ़ के दो गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 54 हजार है जबकि व्यापारिक गैस कनेक्शन करीब 350 के आसपास हैं। वहीं कनीना में घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी पर सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।
स्थानीय निवासी राजेश्वर व नरेश ने बताया कि उनके घर का गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। सिलिंडर लेने के लिए वे कनीना स्थित भड़फ गैस एजेंसी पहुंचे लेकिन वहां सिलिंडर उपलब्ध नहीं था। उन्होंने बताया कि एजेंसी के बाहर लोगों की लाइन लगी हुई थी लेकिन गैस न मिलने के कारण कई लोग निराश होकर लौट गए। उन्होंने बताया कि मजबूरी में अब परिवार के लिए चूल्हे पर रोटियां बनानी पड़ेंगी।