संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। भीषण गर्मी में बिजली की खपत में बढ़ोतरी हुई है। वहीं गर्मी के कारण फॉल्ट और अघोषित बिजली कट से लोग परेशान हैं। शुक्रवार रात को भी मोहल्ला पुरानी सराय में लोगों को कम वोल्टेज बिजली के कारण करीब 12 घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित रही जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर में कम वोल्टेज बिजली आ रही थी। कर्मचारियों को समस्या से अवगत करवा दिया गया, मगर देर रात तक बिजली सप्लाई बाधित रही। जिस कारण घरों में लगे इन्वर्टर की बैटरी भी जवाब दे गई और लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।
लोगों ने बताया कि हफ्ते में दो बार बिजली फॉल्ट की समस्या का सामना करना पड़ता है। जिस कारण घंटों तक बिजली बाधित रहती है। लोगों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि तारों में हो रही खराबी का स्थाई समाधान किया जाए।