नारनौल। नागरिक अस्पताल में पंखे व कूलर की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गायनी, सर्जिकल, आपातकालीन और बच्चों के वार्ड में उपचाराधीन मरीजों को गर्मी और मच्छरों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे और कूलर की व्यवस्था न होने से मरीज मच्छरों से परेशान दिखाई दिए, वहीं कुछ ने पंखे खराब तो किसी ने धीमी गति से चलने की बात कही। अस्पताल में विभिन्न वार्डों में मरीजों के उपचार के लिए कुल 72 बेड उपलब्ध है।
जिसमें से गायनी वार्ड में 24 बेड, सर्जिकल वार्ड में 9 बेड, आपातकालीन वार्ड में 24 बेड और बच्चों के वार्ड में 15 बेड उपलब्ध है। गर्मी से बचाव के लिए गायनी वार्ड में 12 पंखे, सर्जिकल वार्ड में 5 पंखे, आपातकालीन वार्ड में 16 पंखे और बच्चों के वार्ड में 8 पंखे लगे हुए हैं।
लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण अधिकतर पंखे धीमे चलते हैं और सर्जिकल वार्ड में तो एक पंखा खराब होने के कारण बंद पड़ा हुआ है। वहीं केवल गायनी वार्ड में 2 कूलर लगाए गए हैं, जिस कारण विभिन्न वार्डों में उपचाराधीन मरीज गर्मी का सामना करते हुए उपचार करवाने को मजबूर है।
रात भर सताते हैं मच्छर : नागरिक अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए बनाए गए सभी वार्ड में नियमित रूप से सफाई की जाती है। लेकिन अस्पताल परिसर के चारों तरफ फैली गंदगी और जमा गंदे पानी के कारण सभी वार्ड में मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है।
मच्छरों से बचाव के लिए किसी भी वार्ड में इलेक्ट्रोनिक उपकरण नहीं लगाया गया है और ना ही मच्छरों को भगाने वाली क्वाइल लगाई जाती है। जिस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मच्छरों से बचाव के लिए मरीज स्वयं अपने खर्च पर क्वाइल लाकर लगा रहे हैं ताकि रात को चैन से सो सके।