फोटो नंबर-12नारनौल के नागरिक अस्पताल में चिकित्सक कक्ष के बाहर लगी मरीजो की भीड़। संवाद
नारनौल। क्षेत्र में मौसम बदलाव के चलते नागरिक अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अब जो मौसम चल रहा, उसमें दिन के समय गर्मी व सुबह-शाम सर्दी हो रही है।
लोग दिन में गर्मी के चलते पूरे कपड़े नहीं पहनते, इस कारण सुबह व शाम को पड़ने वाली ठंड की चपेट में आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल में एक सप्ताह से ओपीडी एक हजार से ऊपर चल रही है। इसमें सबसे ज्यादा 300 से 350 के करीब मौसम की बीमारी से पीड़ित लोग आ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा मरीज जुकाम, खांसी व बुखार के ही हैं।
नागरिक अस्पताल में ऐसे मरीजों को देखने के लिए तीन स्थान बनाए गए हैं। जिनमें एक पर बुजुर्गों की जांच की जाती है। अस्पताल में इन तीन स्थानों पर मौसमी बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की जांच की जा रही है। जहां एक स्थान पर करीब 100 से 125 तक मरीज आ रहे हैं। अस्पताल में चिकित्सक मौसमी बीमारी से बचने के लिए मरीजों को सलाह भी दे रहे हैं। क्योंकि यह एक व्यक्ति को हो जाए तो सभी को होने की संभावना बन जाती है। घर में जिसे भी खांसी, जुकाम हो जाए उसे चाहिए कि वह बाकी लोगों से थोड़ी दूरी बनाकर रहे। इसके अलावा स्कूली बच्चों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
वर्जन:
इस समय मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। इसमें खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा है। इस मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी पीते रहना चाहिए। प्रोटीन की कमी न हो इसके लिए दाल आदि का सेवन करें। मौसम को देखते हुए जब भी घर से बाहर निकलें। पूरे कपड़े पहनकर निकलें। परिवार में अगर किसी को खांसी, जुकाम हो जाए तो वह अन्य सदस्यों से करीब पांच फुट की दूरी बनाकर रखें। वह अपने साथ रूमाल भी रखे। स्कूल के अंदर छोटे बच्चों में यह बीमारी तेजी से फैलती है। इसलिए अगर कोई बच्चा इस बीमारी की चपेट में आ जाए तो उसे स्कूल न भेंजे। इसके अलावा समय पर चिकित्सक से परामर्श लेते रहें।
डॉ. जितेंद्र यादव, फिजिशियन नागरिक अस्पताल, नारनौल।