महेंद्रगढ़। भीषण गर्मी में मोहल्ला राठौड़ान सैनीपुरा की करीब दो हजार की आबादी पिछले 20 दिनों से पेयजल के लिए परेशानी उठा रही है। सोमवार को लोगों का सब्र टूट गया और महिलाओं ने बर्तन हाथ में लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पिछले 20 दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। इसको लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के जेई व कर्मचारियों से कई बार मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं। विभाग के कर्मचारी कभी पानी नहीं आने तो कभी मोटर खराब होने की बात कहकर टरका देते हैं। कर्मचारी पानी का वाॅल खोल देते हैं, लेकिन मोहल्ला राठौड़ान सैनीपुरा का वॉल नहीं खोलते। इस दौरान महिलाओं ने कर्मचारियों पर भेदभाव का भी आरोप लगाया है।
पानी के लिए पिछले 20 दिन से परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग के कर्मचारी कभी मोटर खराब का बहाना बनाते है तो कभी नहर नहीं आने का बहाना बनाते हैं। मजबूरीबश खरीदकर पानी का टैंकर मंगाना पड़ रहा है।
-संतोष देवी
मोहल्ले में पानी नहीं आने के कारण प्रतिदिन 400 रुपये में पानी का टैंकर खरीदकर प्यास बुझाने को मजबूर होना पड़ रहा है। बार-बार विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
-निर्मला देवी
पीने का पानी दूर टंकी से लेकर आते हैं। पानी छोड़ने के लिए कहने पर विभाग के कर्मचारी बहाना बनाते हैं। पानी नहीं होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जन स्वास्थ्य विभाग जल्द लोगों की इस समस्या की ओर ध्यान दें।
-मोनिका
मोहल्ला में पीने का पानी का इंतजाम तो टंकी से कर लेते है, लेकिन पशुओं के लिए पानी का इंतजाम कहा से करें। प्रतिदिन पानी का टैंकर भी नहीं गिरवा सकते।
-कविता
मोहल्ला राठौड़ान सैनीपुरा की पानी की सप्लाई का वॉल खराब हो गया था। उसे ठीक करवा दिया गया है। कल से पानी सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा। इसके अलावा जिन कर्मचारियों ने बदतमीजीकी है। उनको नोटिस दे दिया गया है।
-दीपचंद, जेई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग महेंद्रगढ़