महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ की क्रिकेट टीम ने पटौदी ट्राफी में शुक्रवार को नूंह जिले की टीम को 119 रनों से हराकर अपना पहला मुकाबला जीता है। महेंद्रगढ़ की ओर से कप्तान अभिमन्यु तंवर ने 143 गेंदों पर शानदार 135 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं अभिषेक चौधरी की ओर से 54 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से खेली 62 रनों की पारी भी जीत में अहम बनी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन महेंद्रगढ़ के प्रबंधक प्रवीण तिवाड़ी ने बताया कि शुक्रवार को रोहतक के हनुमंत क्रिकेट एकेडमी मैदान पर जिले की टीम ने तीसरा मुकाबला खेला। निर्धारित 50-50 ओवरों के इस मुकाबले में नूहं की टीम के कप्तान राहुल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। महेंद्रगढ़ की ओर से कप्तान अभिमन्यु तंवर ने 143 गेंदों पर 16 चौके व एक छक्के की मदद से शानदार 135 रनों की पारी खेली।
वहीं अभिषेक चौधरी ने 54 गेंदों में छह चौकों व दो छक्कों की मदद से खेली 62 रनों की पारी खेलकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। महेंद्रगढ़ की ओर से इनाम ने 78 गेंदों पर 43 व प्रीत खिंच्ची ने 13 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नूंह की टीम 42.2 ओवरों में 161 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
महेंद्रगढ़ की ओर से टीनू गोयल व अनिश कुमार की कसी हुई गेंदबाजी के सामने नूंह के खिलाड़ी बेबस नजर आए। टीनू गोयल ने नौ ओवर में 48 रन देकर चार विकेट लिए जबकि अनिश कुमार ने 6.2 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए। अब महेंद्रगढ़ की टीम अपने चौथे मुकाबले में शनिवार को पलवल के साथ अपना चौथा मुकाबला खेलेगी। जबकि 23 को गुरुग्राम के साथ पांचवां मुकाबला होगा।