महेंद्रगढ़। शहर में हो रहे हादसों से ऑटो चालक व जिम्मेदार कोई सबक नहीं ले रहे हैं और बेलगाम होकर सवारियों को सामान की तरह ढो रहे हैं। चालकों को न तो पुलिस व आरटीए का डर है और न ही लोगों की जान की परवाह है। दूसरी ओर यातायात पुलिस भी जांच प्रक्रिया ठंडे बस्ते में डाल आराम कर रही है। एक साल में ऑटो चालकों की लापरवाही से पांच लोग ने जान गंवाई हैं।
ऑटो चालक की लापरवाही से वीरवार को गांव बुचावास के पास हादसा हो गया था। इसमें एक महिला की जान चली गई जबकि चार यात्री घायल हो गए। अगर बीते एक साल की बात करें तो ऑटो चालकों की लापरवाही से पांच लोगों की मौत हुई है।
अब भी ऑटो चालक बेलगाम होकर धड़ल्ले नियमों को ताक पर रख रहे हैं। शहर में यातायात पुलिस गायब ही हो गई है और कहीं पर भी पुलिस का पहरा दिखाई नहीं दे रहा है। आरटीए की ओर से भी जांच अभियान नहीं चलाया गया है।
शुक्रवार को शहर के सतनाली, बुचावास रोड पर पड़ताल की गई तो एक घंटे में पांच ऑटो सवारी लेकर निकले। इनमें से दो ऑटो में सवारी फुल हो चुकीं थी, फिर भी सवारियों को पायदान पर लटकाकर ले जाया जा रहा था।
टीम जब महेंद्रगढ़ बस स्टैंड के सामने पहुंची तो यहां तो नियम भी तार-तार हो रहे हैं। ऑटो चालक ने क्षमता के अधिक सवारियों को पायदान पर खड़े करने के साथ-साथ छत पर भी बच्चों को बैठाया हुआ था।
यातायात नियमों के अनुसार ऑटो चालकों के लिए वर्दी, नेम प्लेट व पुलिस तथा आरटीए से पंजीकृत होना अनिवार्य है। छह सवारियों की क्षमता वॉले ऑटो में 20 तक सवारियां बैठाई जा रही हैं। वहीं सवारियों के लिए चलाए जाने वाले ऑटो को लोडिंग के रूप में प्रयोग कर सामान ढुलाई भी की जा रही है। विशेषकर ग्रामीण रूटों पर ऑटो चालक अधिक लापरवाही बरत रहे हैं।
-
- वर्जन:
नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। जिलेभर में समय-समय पर अभियान के तहत वाहनों की जांच की जाती है। जल्द अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -निरीक्षक अनिल कुमार, जिला यातायात प्रभारी
फोटो संख्या:73- सिनेमा रोड पर खड़े ऑटो में सामान लादता ऑटो चालक---संवाद
फोटो संख्या:73- सिनेमा रोड पर खड़े ऑटो में सामान लादता ऑटो चालक---संवाद