खुडाना में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) के लिए गांव की पंचायत दस लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से एचएसआईआईडीसी को जमीन देगी। गांव की पंचायत ने वीरवार को इसका प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त अजय कुमार को सौंप दिया। उपायुक्त ने यह प्रस्ताव एचएसआईआईडीसी को भेज दिया है।
पंचायत ने सर्कल रेट से भी कम कीमत पर जमीन देने का फैसला लेकर आईएमटी स्थापित कराने के लिए अपना सकारात्मक प्रयास दिखाया है। 8 फरवरी को उपायुक्त अजय कुमार, एसटीपी रामकुमार, खुड़ाना, आकोदा व आदलपुर गांवों के सरपंचों की बैठक हुई थी। बैठक में पंचायती जमीन के रेट पर एचएसआईआईडीसी एवं पंचायतों की सहमति नहीं बनी थी। एचएसआईआईडीसी आठ लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन खरीदना चाहती थी। पंचायतें सर्कल रेट 12 लाख रुपये प्रति एकड़ पर जमीन देने की बात कह रही थीं। उपायुक्त ने बीच का रास्ता अपनाते हुए पंचायतों को दस लाख रुपये प्रति एकड़ पर जमीन देने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा था। गांव खुडाना के सरपंच प्रतिनिधि ओमपाल सिंह ने इस बारे में ग्रामसभा में बातचीत कर फैसला लेने की बात कही थी। अब पंचायत दस लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन देने पर सहमत हो गई है। पंचायत 976.5 एकड़ जमीन दस लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से सरकार को सौंपेगी। इसका प्रस्ताव पारित कर वीरवार को उपायुक्त अजय कुमार को सौंप दिया है। खुडाना गांव के सरपंच प्रतिनिधि ओमपाल सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष सरकार और पंचायत की 12 लाख रुपये प्रति एकड़ पर सहमति बन गई थी, लेकिन सरकार ने अपने पैर पीछे खींच लिए। गांव खुडाना क्षेत्र का विकास करवाना चाहता है, ताकि क्षेत्र के लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। इसलिए पंचायत सर्कल रेट से कम पर भी जमीन देने के लिए तैयार है। दो वर्ष पहले सीएम ने रखी थी आधारशिला मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 21 जुलाई 2018 को सब्जी मंडी में आयोजित रैली में आईएमटी की घोषणा की थी। 24 फरवरी 2019 को सीएम ने खुडाना में रैली कर आईएमटी की आधारशिला रखी थी। उन्होंने आईएमटी के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा भी की थी। इसके बाद दो वर्ष बीत जाने के बाद आईएमटी के लिए जमीन ट्रांसफर की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी।
वर्जन:
खुडाना आईएमटी प्रदेश की सबसे अच्छी आईएमटी साबित होगी। इसमें बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां स्थापित होंगी। 15 दिन के अंदर तीन- चार पंचायतों को मुख्यमंत्री से मिलवाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर से मुलाकात के बाद आईएमटी पर युद्ध स्तर पर काम शुरू होगा।
-रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री, हरियाणा।
वर्जन:
गांव खुडाना की पंचायत ने 976 एकड़ पंचायती जमीन का प्रस्ताव भेज दिया है। दस लाख रुपये के रेट पर अब सरकार को फैसला करना है। अगले सप्ताह तक इस पर फैसला हो जाएगा।
-रामकुमार, एसटीपी, एचएसआईआईडीसी, चंडीगढ़।