महेंद्रगढ़। बिना बुलाए शादी समारोह में पहुंचकर भोजन करने व छात्राओं द्वारा डीजे पर डांस से परेशान गांव जाट के ग्रामीणों ने हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र सौंपकर विद्यार्थियों पर नियंत्रण करने की मांग की है। ग्राम पंचायत जाट की ओर से कुलपति के नाम भेजे पत्र में बताया कि पिछले एक वर्ष से विवि में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं गांव के सभी विवाद-शादी समारोह में पहुंच जाते हैं। यहां पर भोजन करते हैं तथा छात्राएं डीजे के आगे लोगों के साथ डांस करती हैं। साथ ही विवि के विद्यार्थी संगठन बनाकर गांव की गलियों में घूमते हैं जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्र गांव में होने वाले शादी समारोह में बिन बुलाए शामिल हो रहें हैं। वहीं विश्वविद्यालय की छात्राएं भी शादी समारोह में डीजे पर विश्वविद्यालय के छात्रों व ग्रामीणों के साथ डांस करती नजर आती हैं। जिससे ग्रामीणों को शादी समारोह में कोई अनहोनी होने का भय बना रहता है। कई बार शादी समारोह में परिवार द्वारा की गई पूरी व्यवस्था भी बिगड़ जाती हैं।
ग्राम पंचायत ने विवि से रोक लगाने की उठाई मांग
गांव की पंचायत ने विश्वविद्यालय को शिकायत देकर रोक लगाने की मांग की हैं। गांव जाट पाली में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की गई हैं। विवि में इस समय 4500 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जब कभी गांव में शादी समारोह का आयोजन होता हैं तो विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं बिना निमंत्रण के शादी में शामिल होने के लिए पहुंच जाते हैं। कई बार तो छात्र-छात्राओं की संख्या इतनी अधिक होती है कि शादी समारोह में परिवार द्वारा की गई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ जाती हैं तथा रिश्तेदारों के लिए भी खाना कम पड़ जाता हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी गांव में आयोजित किसी भी शादी समारोह में बिना निमंत्रण शामिल होते हैं। ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 20 दिसंबर के बाद गांव में आयोजित किसी भी विवाह-शादी में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी के साथ किसी भी प्रकार की कोई घटना हो जाती है तो ग्राम पंचायत जाट किसी भी तरह की जिम्मेदारी नहीं होगी।
मंगलवार को उन्होंने कुलपति को एक पत्र सौंपकर इस प्रकार के विद्यार्थियों पर रोक लगाने की मांग की है। कई बार विद्यार्थी बिना बुलाए शादी समारोह में शरीक होकर व्यवस्थाएं चौपट करते हैं। कुलपति ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही एक नोटिस निकाल कर विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे।
-कीर्ति, सरपंच ग्राम पंचायत जाट