कनीना। उपमंडल के गांव भड़फ में मंगलवार को छह दिवसीय बीबीसी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। कमेटी सदस्य अश्वनी कुमार ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, भिवानी सहित विभिन्न जिलों की कुल 48 टीमें भाग ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि विनोद यादव रहे। विशिष्ट अतिथि अमित हुडिया जैतपुर रहे।
उन्होंने बताया कि यह क्रिकेट प्रतियोगिता तीन से नौ फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये व उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच को 1100 रुपये व मैन ऑफ द सीरीज को 2100 रुपये से सम्मानित किया जाएगा।
मंगलवार को गांव बोचड़िया व पाली के बीच मैच खेला गया जिसमें बोचड़िया टीम ने छह ओवर में पांच विकेट खोकर 64 रन बनाए। जवाब में पाली टीम ने पांच ओवर में 70 रन बनाकर जीत हासिल की।
भड़फ व झाड़ली के बीच मुकाबले में भड़फ टीम ने छह ओवर में छह विकेट पर 78 रन बनाए जबकि झाड़ली टीम छह ओवर में सात विकेट खोकर मात्र 43 रन ही बना सकी। इस मैच में भड़फ टीम विजेता रही।
पाली व बचीनी टीम के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें पाली टीम ने छह ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 67 रन बनाए। जवाब में बचीनी टीम छह ओवर में छह विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी जिसमें पाली टीम विजेता रही।
कैमला व भड़फ के बीच खेले गए मैच में कैमला टीम ने सात ओवर में छह विकेट खोकर 56 रन बनाए। भड़फ टीम ने छह ओवर में छह विकेट खोकर 57 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर अमरजीत कुमार, अजीत, बाबूलाल, जितेंद्र, कृष्ण, विक्रम, राहुल शर्मा, नरेश मौजूद रहे।