महेंद्रगढ़। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगिहार में चंद्रशेखर आजाद का बलिदान दिवस मनाया गया। विद्यालय के स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विद्यालय के प्रवक्ता मदन मोहन कौशिक ने चंद्रशेखर आजाद के जीवन, उनके व्यक्तित्व व भारत की आजादी में उनके योगदान का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने बताया कि बचपन में ही आजाद रहने की प्रतिज्ञा को उन्होंने अंत तक निभाया तथा इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेज सिपाहियों से मुठभेड़ करते हुए जब अपने माउजर में अंतिम गोली बची तो अपनी कनपटी पर चलाकर देश के लिए शहीद हो गए। स्वदेश प्रेम, और शहादत की ऐसी मिसाल दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलती। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे महान क्रांतिकारियों के बताए हुए आदर्शों पर चले और देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने के लिए तैयार रहें। इस अवसर पर प्रवक्ता अजय बंसल, राजेंद्र कटारिया, निशा, मुख्य शिक्षक रतनलाल, प्रमोद कुमार, चंद्रशेखर, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।