फोटो संख्या:71- महेंद्रगढ़ में शोरूम से स्कूटी देखते ग्राहक--संवाद
महेंद्रगढ़। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर अब वाहन बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। शहर में लोगों का रुझान तेजी से इलेक्ट्रिक स्कूटी की ओर बढ़ रहा है। युवा, नौकरीपेशा लोग और महिलाएं अब इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं। एक सप्ताह में शहर के करीब दस शोरूम में 60 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी बिकी हैं।
संचालक राजीव खुराना ने बताया कि सरकार की हिदायत के अनुसार लोग इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीद रहे है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में 10 इलेक्ट्रिक स्कूटी की खरीद हुई है। इलेक्ट्रिक स्कूटी का स्टॉक नोएडा से आ रहा है। बाजार में 36900 से एक लाख एक हजार रुपये तक की स्कूटी बिक रही रही है।
इलेक्ट्रिक स्कूटी से प्रदूषण भी कम होगा और तेल की बचत होगी। पिछले कुछ दिनों की तुलना में मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है। पिछले सप्ताह में चार लाख रुपये का कारोबार हो चुका है। आगे भी अच्छा कारोबार होने की संभावना है।
कारोबारियों के अनुसार पेट्रोल के दाम बढ़ने के कारण आम आदमी का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। ऐसे में लोग कम खर्च वाले विकल्प तलाश रहे हैं। इलैक्ट्रीक स्कूटी में पेट्रोल का खर्च नहीं होने और मेंटेनेंस कम आने के कारण ग्राहक इन्हें ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
कुछ लोकप्रिय मॉडलों के लिए ग्राहकों को एंडवास बुकिंग भी करवानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी एक बार चार्ज होने पर 80 से 120 किलोमीटर तक चल जाती है जिससे रोजाना आने-जाने वालों को काफी राहत मिलती है।