जिले में एक दिन भी ऐसा नहीं निकल रहा, जब साइबर अपराधी घर बैठे लोगों के बैंक खाते को खाली नहीं कर रहे हो। अकसर ऐसे मामलों में देखने को आता है कि बैंक उपभोक्ता को किसी न किसी तरह का लालच व अन्य प्रलोभन देकर ओटीपी या अन्य तरह के मैसेज भेजकर जानकारी हासिल कर ली जाती है और फिर बाद में उनके खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं। इस बीच अब एक अलग ही केस सामने आया है। इस केस में न तो बैंक उपभोक्ता के पास कोई ओटीपी आया न ही कोई कॉल आई और न ही प्रलोभन जैसे कोई मैसेज आए। इसके बावजूद खाते से पैसा निकल गया। अब पीड़िता ने पीएनबी प्रबंधक और साइबर पुलिस थाने में अलग-अलग शिकायतें दी हैं।
नसीबपुर में पीएनबी प्रबंधक को दी शिकायत में गांव खासपुर की महिला अनु यादव ने बताया है कि 16, 17,18 व 19 दिसंबर को लगातार उसके खाते से पैसा निकल गया। पहली तीन तारीख को तो खाते से निकले पैसे का मैसेज तक नहीं आया। अंतिम बार जब खाते से 9999 रुपये निकले तो पैसा कटने का मैसेज मोबाइल पर आया। उसके बाद बैंक खाते को बंद करवाया गया। उसके इस खाते से 49 हजार 999 की राशि निकली है। इसकी जांच की जाए और वापस खाते में यह पैसा डलवाया जाए।
वहीं साइबर पुलिस थाने में दी शिकायत में अनु यादव ने बताया है कि नसीबपुर की पीएनबी शाखा में उसका खाता है। इस खाते से 16 से 19 दिसंबर तक रोजाना चार दिन 10-10 हजार रुपये निकाले गए। अंतिम पांचवीं बार 19 दिसंबर को ही 9999 रुपये निकाले गए। हैरानी है कि 40 हजार रुपये निकलने का कोई मैसेज मोबाइल पर नहीं आया। पांचवीं बार जो पैसा 9999 रुपये खाते से निकला उसका ही मैसेज मोबाइल पर आया। शक होने पर बैंक में गई और पासबुक अपडेट करवाई तो पता चला उससे पहले भी लगातार रोजाना चार दिन से 10-10 हजार की राशि खाते से निकाली गई। शिकायतकर्ता ने बताया है कि यह राशि उसने नहीं निकाली। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर खाते से निकाली गई राशि वापस दिलवाई जाए।
इस संबंध में बैंक उपभोक्ता ने शिकायत दी है। जिसकी अपने स्तर पर जांच की जा रही है।
- चंद्रप्रकाश, पीएनबी प्रबंधक नसीबपुर
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रयास रहेगा जल्द ही आरोपी तक पहुंचकर पैसा वापस दिलवाया जाए।
- सब इंस्पेक्टर युद्धवीर सिंह, साइबर पुलिस थाना