नारनौल। बाबा खेतनाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज को श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र ने काउंसिलिंग में शामिल के लिए शामिल कर लिया है। कॉलेज का डाटा विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपडेट हो गया है। अब विद्यार्थी बाबा खेतानाथ मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की साइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बीएएमएस की 100 सीटों में से 45 सीटें हरियाणा जनरल की होंगी। इनमें एससी की दस सीटें होंगी जिनमें एक एससी दिव्यांग भी शामिल होगा। प्रदेश की पहले राउंड की काउंसिलिंग शुक्रवार से शुरू हो जाएगी।
बता दें कि बुधवार को केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से कॉलेज में एडमिशन की स्वीकृति आ गई थी। इसी दिन प्राचार्य श्रीनिवास ने श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के कुलपति को लेटर लिखकर कॉलेज को काउंसिलिंग में शामिल करने की मांग की थी। विश्वविद्यालय ने वीरवार को अपनी वेबसाइट पर कॉलेज के डाटा अपलोड करवा दिया है। अब विद्यार्थी महाविद्यालय की साइट पर जाकर कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। विश्वविद्यालय की ओर से 100 सीटों का विवरण भी जारी कर दिया गया है। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि यह आयुर्वेद कॉलेज दक्षिणी हरियाणा के बच्चों के लिए वरदान साबित होगा।
ऐसे होंगा सीटों का आवंटन
ऑल इंडिया कैटेगरी - 15
हरियाणा ओपन जनरल कैटेगरी - 45 ( दो दिव्यांग + आठ आर्थिक रूप से कमजोर)
अनुसूचित जाति - 09 ( दिव्यांग -01)
डी-एससी - 08
बीसीए - 14 (दिव्यांग 01)
बीसीबी - 09
कुल - 100
अंडर -17 विद्यार्थी का नहीं होगा एडमिशन:
नीट यूजी -2022 के अनुसार आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए कम से कम 17 वर्ष की आयु होनी चाहिए। जो विद्यार्थी 31 दिसंबर तक 17 वर्ष का नहीं हुआ होगा, उसका एडमिशन नहीं हो पाएगा।
पहले राउंड काउंसिलिंग का यह रहेगा शेड्यूल
प्रदेश में पहले राउंड की काउंसिलिंग आज से शुरू हो जाएगी। नीट- 2022 क्वालीफाइड विद्यार्थी 23 से 28 दिसंबर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन वेब पोर्टल लिंक www.skau.ac.in और https://skau.online-counselling.co.in/ पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। 30 दिसंबर को सीटों का आवंटन होगा। 1 जनवरी 2023 को विद्यार्थी सीटों के आवंटन संबंधित शिकायतें उपरोक्त पोर्टल पर दर्ज करवा सकेंगे। 3 जनवरी को शिकायत दर्ज होने के बाद सीटों का आवंटन होगा। 4 जनवरी को फीस जमा करवानी होगी।
श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र ने अपनी साइट पर कॉलेज का डाटा अपलोड हो गया है। अब कॉलेज काउसिलिंग के लिए शामिल हो गया है। 23 दिसंबर से पहले राउंड की काउंसिलिंग के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकेंगे।
- श्रीनिवास गुज्जरवार, प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक, बाबा खेतनाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, नारनौल।