फोटो संख्या:56- नागरिक अस्प्ताल महेंद्रगढ़ में मरीजों की जांच करते डॉ. राहुल --संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल के हड्डी विभाग में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ रही है लेकिन पर्याप्त डॉक्टर नहीं होने से परेशानी हो रही है। हड्डी विभाग की ओपीडी में रोज करीब 80 मरीज पहुंच रहे हैं। फिलहाल विभाग में एक ही ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ होने से ओपीडी और ऑपरेशन दोनों की जिम्मेदारी उन्हीं पर है।
मरीजों के अनुसार हड्डी और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए बुजुर्गों, दुर्घटना में घायल लोगों और लंबे समय से परेशानी झेल रहे मरीजों की संख्या अधिक है। जब विशेषज्ञ चिकित्सक ऑपरेशन थिएटर में चले जाते हैं या किसी अन्य जरूरी काम में व्यस्त होते हैं, तो ओपीडी में पहुंचे मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है।
मरीजों सीता, सुनील और राजकुमार ने बताया कि अस्पताल में इलाज की सुविधा होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ता है। उनका कहना है कि विभाग में एक और ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ की नियुक्ति होने से ओपीडी और ओटी की व्यवस्था बेहतर हो सकती है और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
वर्जन:
हड्डी विभाग की ओपीडी नियमित रूप से चल रही है। विशेषज्ञ की उपलब्धता के अनुसार मरीजों को इलाज दिया जा रहा है। चिकित्सकों की कमी और व्यवस्था से संबंधित मांग से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
-डॉ. जयप्रकाश, एसएमओ, नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़