फोटो नंबर-09विज्ञान सेमिनार में विजेता छात्र को पुरस्कृत करते अतिथि।
नारनौल। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के तत्वावधान में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौल की ओर से शनिवार को विज्ञान सेमिनार का आयोजन भारती पब्लिक स्कूल में किया गया।
इसमें विद्यार्थियों को बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में जिस तेजी से विकास हो रहा है वह न केवल हमारे जीवन को बदलने वाला है, बल्कि आने वाले समय में हमारी पूरी सभ्यता को प्रभावित करेगा। प्रतियोगिता में पांचों खंडों में खंड स्तर पर आयोजित विज्ञान सेमिनार में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता संभाव्यता व सरोकार विषय पर अपने विचार रखे।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ रविंद्र कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय साइंस सेमिनार प्रतियोगिता में राव नेतराम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलीमपुर अटेली की कक्षा नौवीं की छात्रा भूमिका प्रथम व यदुवंशी शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ के कक्षा दसवीं के छात्र हर्षित यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अब ये दोनों विद्यार्थी राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम में 11 सितंबर को होने वाली आगामी राज्य स्तरीय साइंस सेमिनार में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में आरपीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ की कक्षा दसवीं की छात्रा हर्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 4000 रुपए प्रतिमाह की छात्रवृत्ति एक वर्ष के लिए दी जाती है और 9 विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार के रूप में 2000 रुपए प्रतिमाह की छात्रवृत्ति एक वर्ष के लिए दी जाती है। राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2024 के सभी प्रतिभागियों के लिए पुस्तकें ,वैज्ञानिक किट आदि भी दिए जाते हैं। साइंस सेमिनार का आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक खोज के संबंध में रचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक प्रवृत्ति जागृत करने के उद्देश्य से किया जाता है। उभरते वैज्ञानिकों को विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलता है। जिला स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय साइंस सेमिनार प्रतियोगिता में भाग लेंगें।
-संतोष कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, नारनौल।